- शाहपुर उपकेंद्र क्षेत्र में गोड़धोईया नाले के पास अज्ञात डंपर ने पोल में मारी टक्कर
- 11 केवी में फॉल्ट के कारण 33 केवी लाइन भी रखनी पड़ी बंद
गोरखपुर। विद्युत उपकेंद्र शाहपुर से जुड़े 22 हजार उपभोक्ताओं को शुक्रवार को करीब छह घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। सुबह लगभग 10:30 बजे आपूर्ति बाधित हुई, जो शाम पांच बजे जाकर बहाल हो सकी।
अचानक बिजली कटने से उपभोक्ताओं की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई। घरों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पूरे दिन बिजली आने का इंतजार करते रहे। अधूरे कार्यों के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं शिवपुर, शाहबाजगंज और संत हुसैन नगर क्षेत्र के करीब तीन हजार उपभोक्ताओं की बिजली बृहस्पतिवार देर रात लगभग एक बजे ही गुल हो गई थी, जो शुक्रवार शाम पांच बजे बहाल हुई। शाहपुर के उपखंड अधिकारी वीके जायसवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे गोड़धोईया नाले के पास 11 केवी हाईटेंशन लाइन के खंभे में किसी अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते संबंधित फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। पास से गुजर रही 33 केवी लाइन में भी सुरक्षा की दृष्टि से शटडाउन लेना पड़ा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।