महराजगंज। शहर से सटे खेमपिपरा और बॉर्डर के करीब चकदह गांव में बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। विद्युत विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए शासन को 22 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। विद्युत स्टेशनों के निर्माण से क्षेत्र के करीब एक लाख लोगों को लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग ने खेमपिपरा और चकदह में बिजली उपकेंद्र की स्थापना के लिए विद्युत विभाग की ओर से डीपीआर तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जैसे ही शासन स्तर से स्वीकृति मिलेगी दोनों स्थानों पर निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इन उपकेंद्रों पर 5-5 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे बिजली की उपलब्धता और आपूर्ति में सुधार होगा।
खेमपिपरा में बनने वाले विद्युत उपकेंद्र से आसपास के 18 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें बांसपार, बभनौली, मठिहनिया, बांसपार बैजौली, विंदवलिया, कृत पिपरा, नटवा और सौना समेत अन्य गांव शामिल हैं। इन गांवों में रहने वाले लोगों को अब पहले की तुलना में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, साथ ही क्षेत्र में कृषि कार्यों के लिए भी बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी। किसान सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समस्या नहीं होगी। बॉर्डर से सटे चकदह में बनने वाले विद्युत उपकेंद्र से कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। इसमें जमुहानी, सूर्यपुरा, गंगवालिया, पिपरवास, करौता, जिगिना, महरी, लुठहवा, खोरिया बाजार, सिरसिया खास, सोनपिपरी, भगवानपुर समेत अन्य गांव शामिल हैं।