- करीब आठ घंटे बिजली और पानी की समस्या से जूझे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। भटहट पॉवर हाउस से राप्तीनगर होते हुए 33 केवी की हाईटेंशन लाइन पादरी बाजार सब स्टेशन को जोड़ती है। शनिवार रात 2:30 बजे राप्तीनगर के पास 33 केवी अंडरग्राउंड केबल में तेज धमाका हुआ इसके बाद सब स्टेशन से जुड़े पादरी बाजार, मानस बिहार कॉलोनी, शताब्दीपुरम, इंद्रप्रस्थपुरम, सरस्वतीपुरम, लक्ष्मीपुर आदि कई इलाके के 11 हजार घरों की बत्ती गुल हो गई।
इलाके के लोगों ने इसकी सूचना बिजली निगम के जेई और बिजली कर्मियों को दी। करीब चार बजे केबल दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया, लेकिन ठीक नहीं हो सकी, इससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुनील ने बताया कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से घर का सारा काम ठप हो गया। पानी का संकट भी खड़ा हो गया। इतना ही नहीं इन्वर्टर भी जवाब दे गया। इससे परेशानी झेलनी पड़ी। करीब 10 बजे सप्लाई बहाल होने पर सभी ने राहत की सांस ली।
ग्रामीण खंड प्रथम के एक्सईएन संदीप मौर्या ने बताया कि भटहट पॉवर हाउस से 33 केवी की अंडरग्राउंड केबल बिछी है। राप्तीनगर के पास अंडरग्राउंड केबल में तेज धमाका होने से सप्लाई ठप हो गई। मरम्मत कार्य शुरू करवाया गया। जिसके बाद करीब 10 बजे सप्लाई बहाल हुई।