शहर के राप्तीनगर इलाके में पांच से छह घंटे बिजली कटौती अब आम बात हो गई है। दरअसल, सड़क चौड़ीकरण के काम की वजह से बिजली निगम की तरफ से शटडाउन कर दिया जाता है। लेकिन घोषित समय से अधिक कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अघोषित कटौती से परेशान लोगों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय में भी कर दी। निगम के अधिकारियों ने ठेकेदारों के काम करने की शिकायत पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं से की है।
मेडिकल रोड के चौड़ीकरण के काम में लगभग रोज शट डाउन लिया जा रहा है। जितनी देर का शटडाउन दिया जा रहा है उससे कहीं ज्यादा देर तक ठेकेदार काम करा रहे हैं। बिजली भी देर तक कट रही है, जिससे इस भीषण गर्मी में लोगों का घर में रहना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली निगम के उच्चाधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्वीटर अकाउंट पर इस बात की शिकायत की है। नगरीय विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता मुदित तिवारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर निर्धारित समय में ही काम पूरा कराने को कहा है।
दोनों विभागों के अधिकारियों के बीच वार्ता भी होग, जिसमें कटौती का नया शेड्यूल तय करने पर विचार होगा। अभी सुबह 11 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक का समय लिया जा रहा है।
गर्मी में अधिक समय तक कटौती से होती है दिक्कत
लंबे समय तक शट डाउन होने के कारण जब बिजली आपूर्ति दी जा रही है तो अचानक लोड बढ़ जा रहा है। बाहरी तापमान अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर यह लोड शह नहीं पा रहे। पिछले दो दिनों में दो ट्रांसफार्मर इसके चलते फूंक चुके हैं। इस समय घरों में एसी चलने के कारण लोड बढ़ गया है।