- तारामंडल के लेक व्यू अपार्टमेंट में आधा दर्जन कनेक्शनों पर एक से सात लाख तक के बिल
गोरखपुर। तारामंडल स्थित लेक व्यू अपार्टमेंट में स्मार्ट मीटर लगने के बाद करीब छह उपभोक्ताओं के कुछ ही दिनों में एक लाख से सात लाख रुपये तक के बिल आ गए। लाखों रुपये का बिल देखकर उपभोक्ताओं के होश उड़ गए।
सोसाइटी अध्यक्ष बसंत राय ने बताया कि 25 अगस्त से सात सितंबर के बीच अपार्टमेंट के 30 से अधिक घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए। जिन कनेक्शनों के मीटर 30 अगस्त तक बदल दिए गए थे उनका चार सितंबर को बिल जनरेट हुआ। बिल देखने पर किसी उपभोक्ता का बिल डेढ़ लाख तो किसी का सात लाख रुपये तक पहुंच गया। करीब आधा दर्जन कनेक्शनों पर एक लाख रुपये से अधिक के बिल आए हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने के साथ उनके प्रीपेड कनेक्शन को पोस्टपेड में बदल दिया गया। इसके बाद महज कुछ दिनों की अवधि में लाखों रुपये का बिल जनरेट कर दिया गया। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है और उन्होंने बिलिंग व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
टाउनहॉल के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि अधिक बिल बनने की जानकारी मिली है। जांच कराकर मामले का निस्तारण किया जाएगा।