फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह नए सदस्यों के लिए 16 को चुनाव, सरगर्मियां तेज

Sat, 11 Jul 2026 02:27 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर निगम सदन की 21वीं बैठक 16 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे नवनिर्मित सदन हाल में होगी, जिसमें कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। नगर आयुक्त अजय जैन ने मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर पदेन सदस्यों, निर्वाचित पार्षदों और नामित पार्षदों को बैठक की सूचना जारी कर दी गयी है।
विज्ञापन


बैठक में 26 मई और तीन जुलाई को हुई सदन की बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि के साथ कार्यकारिणी समिति के छह नए सदस्यों का निर्वाचन होगा। मेयर की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। वर्तमान कार्यकारिणी के उपसभापति पवन कुमार त्रिपाठी समेत भाजपा के पांच सदस्य और सपा के रमेश यादव का कार्यकाल पूरा होने के कारण वे स्वतः बाहर हो जाएंगे। पवन त्रिपाठी का उपसभापति पद भी उसी दिन समाप्त हो जाएगा। नए उपसभापति का चुनाव बाद में नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक में कराया जाएगा।

नगर निगम सदन में भाजपा के बहुमत को देखते हुए उसके पांच और समाजवादी पार्टी के एक सदस्य का कार्यकारिणी में चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। सपा शुक्रवार को बैठक कर अपने उम्मीदवार के नाम पर निर्णय लेगी, जबकि भाजपा भी अपने प्रत्याशियों के नाम तय करेगी। यदि सभी नामों पर सहमति बन गई तो छह सदस्यों का निर्वाचन सर्वसम्मति से हो जाएगा। वहीं उपसभापति पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं और राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रुख पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
विज्ञापन


यदि चुनाव की नौबत आती है तो निर्वाचित पार्षदों के साथ आठ पदेन सदस्य भी मतदान करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, सांसद रवि किशन और मंत्री संजय निषाद सहित अन्य पदेन सदस्य शामिल हैं। नामित पार्षदों को मतदान का अधिकार नहीं होगा। चुनाव के लिए 16 जुलाई को सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन होगा। 12:30 से 12:45 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, 12:45 से एक बजे तक नाम वापसी होगी। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर दो से शाम चार बजे तक मतदान और शाम चार बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें