गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी रही ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नार्थ ईस्ट फ्रंटियर (एनएफ) रेलवे की इलेक्शन स्पेशल ट्रेन सोमवार को गोरखपुर जंक्शन पर एक घंटे तक लंच पैकेट के इंतजार में खड़ी रही। समय से लंच पैकेट नहीं पहुंचने पर आईआरसीटीसी के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर हर कोच में लंच पैकेट और पानी की बोतल समेत अन्य जरूरी सामान पहुंचाए गए। इसके बाद ट्रेन रवाना हो सकी।
पूर्वोत्तर राज्य असम तक सैनिकों व अन्य सामान लेकर जा रही इलेक्शन स्पेशल ट्रेन दिन में 11:30 बजे गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। यहां 10 मिनट के अंदर खाना लोड कर ट्रेन को रवाना करना था। खाना तैयार न हो पाने से बोगियों में लंच पैकेट नहीं पहुंच सका। इसके चलते ट्रेन करीब एक घंटे तक प्लेटफाॅर्म पर ही खड़ी रही।