सरदारनगर से बैतालपुर स्टेशन के बीच लग रहा ऑटो ब्लॉक सिग्नल सिस्टम
इस सिस्टम से दो स्टेशन के बीच एक ही समय में चल सकेंगी कई ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दो स्टेशनों के बीच एक ही समय में ट्रेनों की संचालन क्षमता बढ़ाने वाले ऑटो ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम का अगला ट्रायल सरदारनगर से बैतालपुर स्टेशन के बीच होना है। इस सिस्टम में एक ही ट्रैक पर आगे-पीछे ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। मई के दूसरे सप्ताह में इसके लिए तीन दिन का ब्लॉक लिया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
पूर्वोत्तर रेलवे की मुख्य लाइन लखनऊ-गोरखपुर-छपरा के बीच ऑटो ब्लॉक सिग्नल सिस्टम लगाया जा रहा है। पहले फेज में गोरखपुर से बस्ती के बीच तेजी से काम चल रहा है। इस खंड पर जगतबेला से मगहर के बीच पहले ऑटो ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम का सफल ट्रायल हो चुका है।
इसके बाद अब सरदारनगर से बैतालपुर स्टेशन के बीच इसका ट्रायल होना है। इसके लिए पहले इंटरलाकिंग की जाएगी। इस वजह से गोरखपुर से छपरा रूट पर ट्रेनों का आवागमन भी प्रभावित होगा। इसके लिए तैयारी चल रही है।
थावे-कप्तानगंज और भटनी-वाराणसी रूट पर होगा डायवर्जन
बिहार से आने-जाने वाली ट्रेनों के लिए लखनऊ-गोरखपुर-छपरा मुख्य ट्रैक है। इस ट्रैक पर ब्लॉक के चलते ट्रेनों का संचालन छपरा से थावे-कप्तानगंज-गोरखपुर और भटनी-वाराणसी-अयोध्या-बाराबंकी रूट से कराने की तैयारी चल रही है। एक वरिष्ठ रेल अफसर ने बताया कि ऑटो ब्लॉक सिग्नलिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है। सभी तैयारियां पूरी होने पर तीन दिन का ब्लॉक लिया जाएगा।