- चिलुआताल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस कर रही जांच
गुलरिहा। चिलुआताल थाना क्षेत्र के झुंगिया कस्बे में स्थित भारतीय स्टेट बैंक से रुपये निकालकर बाजार की ओर जा रहे बुजुर्ग सब्जी विक्रेता तूफानी प्रसाद से दो युवकों ने 50 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर ली। घटना के बाद पीड़ित बैंक पहुंचा और पुलिस को भी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
गुलरिहा क्षेत्र के करमहा उर्फ कम्हरिया निवासी तूफानी प्रसाद (64) झुंगिया चुंगी बाजार में सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार दोपहर वह पत्नी मनभावती को बाजार में खाना पहुंचाने के बाद बेटे आकाश की शादी के लिए सट्टा बुक कराने के उद्देश्य से चिलुआताल क्षेत्र के झुंगिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 49 हजार रुपये निकाले। पीड़ित के अनुसार, बैंक से रुपये निकालने के बाद उन्होंने अपने पास के एक हजार रुपये मिलाकर 50 हजार रुपये की गड्डी बनाकर सदरी की जेब में रख ली। इसी दौरान बैंक में मौजूद दो अज्ञात युवक नाम-पता पूछने के बहाने उनसे बातचीत करने लगे और खैनी मांगकर दो बार खाई। इसके बाद दोनों युवक उनके पीछे-पीछे चलने लगे। बैंक से बाहर निकलने पर एक युवक ने खैनी बनाकर पीड़ित को भी खिला दी और बातचीत करते हुए बाजार की ओर चलने लगा। चुंगी बाजार के पास पहुंचने पर पीड़ित को पता चला कि उनकी जेब से रुपये गायब हैं। इसके बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।