बड़हलगंज कस्बे के कॉलेज रोड पर सोमवार रात करीब 9:45 बजे यूको बैंक के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। कस्बा निवासी अर्जुन वर्मा पटना चौराहे की ओर जा रहे थे, जबकि कल्याणपुर निवासी पवन यादव बाइक से कस्बे की तरफ आ रहे थे। हादसे में पवन का बायां पैर टूट गया, जबकि अर्जुन के सिर में गंभीर चोट आई। परिजनों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
सहजनवां क्षेत्र में लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर महुआपार मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चकिया निवासी हरिश्चंद्र की मौत हो गई। सूरज और राजू पांडेय की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। राधा पांडेय को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि अमित का सीएचसी सहजनवां में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कार का नंबर मिला है। इसके आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
बेलीपार क्षेत्र के मेंहरौली के पास सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे अहमदनगर से गोरखपुर मंडी जा रहा 16 पहियों वाला प्याज लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। बताया गया कि चालक ने थार को बचाने का प्रयास किया था। ग्रामीणों ने ट्रक में फंसे चालक सरफराज अहमद और खलासी निरहू को बाहर निकाला। दोनों को हल्की चोटें आईं। हादसे में ट्रक में लदा प्याज खराब हो गया। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।