स्पेशल ट्रेनों में जगह नहीं मिलने पर अब यात्री सीनियर सिटीजन कोटे से टिकट बनवाकर यात्रा करने लगे हैं। दलालों के माध्यम से बनवाकर मुंबई और सूरत के ठेकेदार श्रमिकों के व्हाट्सएप पर पर भेज दे रहे हैं।
शुक्रवार को गोरखपुर जंक्शन पर अवध एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान आठ व्यक्ति पकड़े गए, जिनकी उम्र कम थी और सीनियर सिटीजन का टिकट लिए थे। सभी से जुर्माना वसूला गया, जिसके बाद यात्रा करने दिया गया।
डीसीआई डीके श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीटीई टीएन पांडेय, शार्दुल मोहन पांडेय ने गोरखपुर से बांद्रा तक जाने वाली अवध एक्सप्रेस में टिकटों की जांच की। जांच के दौरान आठ यात्री ऐसे मिले, जिनकी उम्र 32 से 45 के बीच थी। सभी के पास टिकट सीनियर सिटीजन कोटे का था।
पूछताछ में चार श्रमिकों ने बताया कि उनके सेठ ने सूरत से टिकट बुक कराकर वाट्सएप पर भेजा है। जबकि तीन ने मुंबई से टिकट आने की बात कही। जांच टीम ने इस सभी अनियमित यात्रियों से जुर्माने के रूप में 10050 रुपये वसूला।
इसके साथ ही हिदायत दी कि आगे से अनियमित टिकट लेकर यात्रा न करें। करीब एक महीने पहले भी मुंबई जा रही ट्रेन में बस्ती में चेकिंग के दौरान छह यात्री पकड़े गए थे, जो कम उम्र के थे और सीनियर सीटिजन के टिकट पर यात्रा कर रहे थे। डीसीआई डीके श्रीवास्तव ने बताया कि जांच अभियान लगातार चलता रहेगा। खासकर टिकट में उम्र को जरूर देखा जा रहा है।