आठ नायब तहसीलदारों को मिली गोरखपुर में तैनाती
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राजस्व परिषद ने जारी किया आदेश
गोरखपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण (एसएसआर) की तैयारियों के बीच राजस्व परिषद ने तहसीलदार व नायब तहसीलदारों के तबादले किए हैं। सोमवार को जारी आदेश में गोरखपुर में तैनात तहसीलदार नरेंद्र कुमार को गोंडा भेज दिया गया है। गोरखपुर से पांच नायब तहसीलदारों का दूसरे जिलों में तबादला किया गया है जबकि आठ नायब तहसीलदारों को गोरखपुर में तैनाती मिली है।
इस फेरबदल में गोरखपुर में तैनात पांच नायब तहसीलदारों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें बाल चंद चौहान का बलिया, हंस राज प्रसाद और नीरज सिंह का सिद्धार्थनगर, जय प्रकाश का संतकबीरनगर और राम सूरज का देवरिया तबादला किया गया है। वहीं, गोरखपुर में आठ नायब तहसीलदारों की नई तैनाती की गई है। इनमें प्रदीप कुमार यादव को बलिया, पूजा वर्मा को बस्ती, एकता त्रिपाठी को कुशीनगर, प्रद्युम्न कुमार त्रिपाठी को मथुरा, राजेश कुमार मिश्र को संतकबीरनगर, आनंद प्रकाश राय को अयोध्या तथा रणजीत बहादुर सिंह और राजा राम को आजमगढ़ से गोरखपुर भेजा गया है।
यह स्थानांतरण भारत निर्वाचन आयोग के 27 अक्तूबर को जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में किया गया है। राजस्व परिषद की ओर से जारी आदेश के अनुसार तहसीलदारों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती वाले जिले में कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों को भी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने और कार्यभार ग्रहण करने की सूचना मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है।