गोविवि कुलपति की अध्यक्षता में अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं अधिकारियों की हुई पहली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में सोमवार को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के कमेटी हॉल में अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं अधिकारियों की पहली बैठक हुई। बैठक में कुलपति ने कक्षाओं के नियमित संचालन पर जोर देते हुए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर प्रेजेंटेशन का निर्देश दिया।
बैठक में प्रो. टंडन ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष विभाग की ओर से संचालित बेस्ट प्रैक्टिस तथा पांच साल के विजन का प्रेजेंटेशन तैयार कर लें। इसका विभागवार प्रेजेंटेशन विभागों में होगा। सभी निर्णय ऑर्डिनेंस, अधिनियम, परिनियम के अनुसार हों। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ऑर्डिनेंस, अधिनियम, परिनियम के अनुसार संचालित होगा। सभी निर्णय विश्ववविद्यालय की संस्थाओं-बोर्ड ऑफ स्टडीज, अकादमिक परिषद, कार्य परिषद, वित्त समिति, परीक्षा समिति की ओर से लिए जाएंगे। इसके इतर कोई कार्य न किया जाए।
अड़चनों को दूर कर जल्द घोषित होंगे परीक्षा परिणाम
कुलपति ने कहा कि सभी अड़चनों को दूर कर जल्द परीक्षा परिणाम घोषित किए जायेंगे। परीक्षा नियंत्रक के साथ एक अकादमिक व्यक्ति को जोड़कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। बैठक में कुलसचिव प्रो. शांतनु रस्तोगी, अधिष्ठाता प्रो. अजय सिंह, प्रो. नसीम अहमद, प्रो. श्रीवर्धन पाठक, प्रो. शोभा गौड़, प्रो. कीर्ति पांडेय आदि तथा सभी विभागाध्यक्ष एवं परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी मौजूद रहे।