गोरखपुर। गर्मी की छुट्टी बिताने के बाद इस बार परिषदीय स्कूल 18 जून से खुल रहे हैं। स्कूल खुलते ही बच्चों को किताबों के बीच उलझना नही पड़ेगा। समर कैंप में सीखने और खेलने के साथ बच्चें इस साल पढ़ाई की शुरुआत करेंगे।
इस बार गर्मी की छुट्टियों में परिषदीय स्कूलों में पहली बार समर कैंप का आयोजन किया गया था। भीषण गर्मी को देखते हुए शासन के आदेश पर इसे स्थागित कर दिया गया था जो अब विद्यालय खुलने के साथ शुरू हो रहा है। इसे 18 से 25 जून तक सप्ताह भर के लिए आयोजित किया जाएगा।
विभिन्न एनजीओ एवं क्रियात्मक अध्यापकों द्वारा छात्रों में कलात्मक क्षमता का विकास किया जाएगा। शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार परिषदीय स्कूल 16 जून को खुलने थे। 16 जून को रविवार और 17 जून को बकरीद का अवकाश होने के कारण इस बार स्कूल 18 जून को खुल रहे हैं। स्कूलों में एक सप्ताह के इस कैंप में हर दिन विद्यार्थियों के बीच अलग-अलग तरह की गतिविधियां का आयोजन किया जाएगा।
पर्यावरण जागरूकता, जल संरक्षण, किचन गार्डनिंग, सफाई व स्वास्थ्य, पर्यटन स्थलों का भ्रमण, विशेषज्ञों से बातचीत कार्यक्रम, खेल, क्राॅफ्टिंग एवं अन्य रचनात्मक कार्यों को कराया जाएगा। बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि समर कैंप के साथ स्कूल की शुरुआत करने पर बच्चों में नया उत्साह पैदा होगा। उन्होंने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी करके नियमित रूप से निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।