गोरखपुर। पीपीगंज स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा से जुड़े प्रकरण की मंगलवार को शिक्षा विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच की। मामले में प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। छात्रा की पढ़ाई जारी रहे इसके लिए फीस माफ होगी। उसे कॉपी किताब भी प्रशासन उपलब्ध कराएगा।
मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से कॉलेज प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही प्रधानाचार्य पर की गई कार्रवाई की विस्तृत आख्या साक्ष्यों सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान पुस्तकालयाध्यक्ष मारकंडेय चौधरी ने छात्रा और उसके पिता का बयान दर्ज किया। दोनों ने बताया कि उन्हें विद्यालय से कोई शिकायत नहीं है।
मामले की जानकारी मिलने पर कैंपियरगंज के एसडीएम, क्षेत्राधिकारी अनुराग कुमार सिंह व शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से जानकारी ली। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बोले अधिकारी
प्रकरण की जांच कराई गई है। कॉलेज प्रबंधन से विस्तृत स्पष्टीकरण और साक्ष्यों सहित आख्या मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रा की पढ़ाई प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
- अजित सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक
बोले प्रधानाचार्य
विद्यालय की ओर से छात्रा के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है।जो भी आरोप लगाए गए है निराधार है। जांच के दौरान छात्रा और उसके अभिभावक ने विद्यालय से कोई शिकायत न होने की लिखित जानकारी दी है। छात्रा की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रहेगी तथा विभाग के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
बीके यादव, प्रधानाचार्य, बापू इंटर काॅलेज, पीपीगंज