- नगर निगम महेसरा में 25 एकड़ में कराएगा निर्माण
- 49 करोड़ रुपये की आएगी लागत, निगम ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। स्वच्छ व हरित शहर की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए नगर निगम महेसरा क्षेत्र में 25 एकड़ भूमि पर इकोलॉजिकल पार्क (स्पॉन्ज पार्क) का निर्माण कराने जा रहा है। यह परियोजना नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत चलाई जा रही है।
करीब 49 करोड़ रुपये से बनने वाले इस पार्क का उद्देश्य सिर्फ हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि शहर में वायु की गुणवत्ता को सुधारना, कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर को घटाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना भी है। नगर निगम ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल चार फर्मों ने परियोजना में रुचि दिखाई है।
पार्क का डिजाइन ऐसा तैयार किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का प्रभावी प्रबंधन हो सके। इससे भूजल स्तर में सुधार होगा और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या को भी दूर किया जा सकेगा। पार्क में विभिन्न प्रजातियों के पौधे, झाड़ियां और घास लगाई जाएंगी ताकि जैव विविधता को संरक्षित किया जा सके। साथ ही इसमें एक नेचर ट्रेल, ओपन एयर क्लासरूम और अवेयरनेस जोन भी बनाया जाएगा, जहां पर्यावरण शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी।
मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। यह पार्क शहर में पर्यावरणीय संतुलन स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।