महाअष्टमी पर हुई माता महागौरी की पूजा, मंदिरों में लगा रहा भक्तों का तांता
श्रद्धालु आज हवन करके करेंगे व्रत की पूर्णाहुति
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नवरात्र की महा अष्टमी के मौके पर मंगलवार को प्रमुख मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने माता महागौरी का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में माता महागौरी के जयकारे लगे। श्रद्धालुओं ने-या देवी सर्वभूतेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:, मंत्र से माता महागौरी की स्तुति की।
बुधवार को नवमी के मौके पर मंदिरों व घरों में हवन-पूजन करके लोग नवरात्र व्रत पूर्ण करेंगे। नवमी तिथि पर शक्ति के सिद्धिदात्री स्वरूप की साधना की जाएगी।
मंगलवार को सूर्योदय से पहले ही प्रमुख मंदिरों में भक्तों की कतार लगने लगी। काली मंदिर गोलघर में सुबह से रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पुरोहितों ने धार्मिक अनुष्ठान कराया। इसी प्रकार काली मंदिर दाउदपुर, कालीबाड़ी माया बाजार, दुर्गाबाड़ी में भी लोगों ने दर्शन-पूजन किया।
कुसम्ही जंगल में बुढि़या माई मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में मेला जैसा दृश्य नजर आया। तरकुलहा मंदिर, चौरीचौरा में भी श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ नजर आई। शाम को आरती हुई तो काफी संख्या में भक्तों ने मां भगवती की स्तुति की।