गोरखपुर। फरवरी में कैलेंडर बदलने के साथ ही तापमान भी बढ़ने लगा है। अब न्यूनतम तापमान तीन महीने बाद 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि जारी है। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान सामान्य से अधिक रहा।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक था। इसी तरह न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे पहले 20 नवंबर को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने 26 फरवरी तक के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, इस अवधि में मौसम साफ रहेगा। इस वजह से माना जा रहा है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और वृद्धि हो सकती है। फरवरी में अधिकतम तापमान औसतन 30.3 डिग्री तक जाता है। वर्तमान तापमान को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है।