गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) तारामंडल क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीन वुड अपार्टमेंट के लिए बृहस्पतिवार सुबह पहली बार लॉटरी निकालेगा। ई-लाॅटरी के माध्यम से लोगों को फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा। इनमें से 10 आवंटियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के लोकार्पण कार्यक्रम में आवंटन प्रमाणपत्र देंगे। थ्री एवं फोर बीएचके फ्लैटों के लिए 79 लोगों ने आवेदन किए हैं।
जानकारी के अनुसार, जीडीए तारामंडल क्षेत्र में सवा पांच एकड़ में ग्रीनवुड अपार्टमेंट बनाने वाला है। इसमें थ्री एवं फोर बीएचके के फ्लैट होंगे। सभी फ्लैट के साथ सर्वेंट क्वार्टर भी होगा। इसमें भूतल सहित 14 तल होंगे। इस योजना में पांच टाॅवर बनाए जा रहे हैं।
अभी तक थ्री बीएचके के लिए 34 एवं फोर बीएचके के लिए 45 लोगों ने आवेदन किए हैं। ई-लाॅटरी के जरिए आवंटन करने के बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 10 लोगों के नाम फाइनल किए जाएंगे। 374.49 करोड़ रुपये की लागत वाले इस आवासीय प्रोजेक्ट में थ्री बीएचके एचआईजी के 300 तथा फोर बीएचके एचआईजी के 179 फ्लैट्स बनेंगे। इसका निर्माण जुलाई 2027 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य है।
उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि रामगढ़ताल में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन कार्यक्रम रामगढ़ताल की जेटी पर होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के हाथों आवासीय योजना ‘ग्रीनवुड अपार्टमेंट’ के 10 आवंटियों को आवंटन प्रमाण पत्र भी सौंपा जाएगा। इस योजना को लोग पसंद कर रहे हैं। पहली बार में 79 आवेदन आए हैं।