गोरखपुर। त्योहारों के बाद से ही अपने कार्य स्थल वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ आने लगी है। बिहार विधान सभा चुनाव के बाद से यह भीड़ और बढ़ गई है। इसे नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। इनके लेट चलने से गोरखधाम और सत्याग्रह एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है।
रेलवे की ओर से त्योहारों और बिहार विधान सभा चुनाव के बाद स्टेशनों पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, लेकिन यह ट्रेनें लेट चल रही हैं। इस वजह से गोरखपुर से बठिंडा जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस तथा बरौनी से चलकर गोरखपुर के रास्ते जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि यह ट्रेनें समय से पहुंच जाएंगी, लेकिन स्पेशल ट्रेनें कब पहुंचेगी, इसका कोई पता नहीं है। महराजगंज के विक्रम खरवार ने कहा कि गोरखधाम और सत्याग्रह एक्सप्रेस में भीड़ की वजह से थोड़ी दिक्कत होगी, लेकिन समय से पहुंच जाएंगे।
रेलवे स्टेशन पर लगी छह में तीन लिफ्ट खराब, यात्रियों को परेशानी : गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर छह लिफ्ट और दो स्थानों पर एस्केलेटर लगाए गए हैं। बुधवार को रेलवे स्टेशन पर लगी छह लिफ्टों में से तीन लिफ्ट खराब दिखी। ये लिफ्ट प्लेटफॉर्म नंबर एक, पांच-छह और नौ पर लगी है। प्लेटफाॅर्म नंबर नौ पर लगी लिफ्ट संख्या एक रविवार से खराब है, वहीं प्लेटफाॅर्म नंबर-एक और पांच-छह पर लगी लिफ्ट भी मंगलवार से खराब पड़ी है। इनके खराब होने से स्टेशन पर यात्रियों को आने और जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्री लिफ्ट से जाने के बजाय सीढि़यों से जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों व बीमार लोगों को ज्यादा चलना पड़ रहा है।