गोरखपुर। नवरात्र और दिवाली में इस बार लोगों को ड्राई फ्रूट महंगा खरीदना पड़ेगा। पिछले तीन महीने में बादाम, काजू, किशमिश समेत लगभग सभी मेवों के दाम 50 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ गए हैं। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही कीमतों में तेजी ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है।
व्यापारियों के अनुसार बाजार में ड्राई फ्रूट की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही थोक बाजार में कीमतें बढ़ने से खुदरा दाम भी ऊपर चले गए हैं। सबसे ज्यादा असर काजू और बादाम की कीमतों पर पड़ा है। किशमिश, अखरोट और पिस्ता के दाम में भी बढ़ोतरी हुई है। व्यापारी रजत जायसवाल का कहना है कि थोक में बादाम 1060 रुपये किलो बिक रहा जो तीन महीना पहले 860 रुपये किलो था। वहीं, पिस्ता 1,500 रुपये किलो है इसका दाम 300 रुपये बढ़ा हुआ है। वहीं काजू इस समय 840 रुपये किलो है। वहीं अन्य ड्राई फ्रूट्स भी महंगा हो गए हैं। फुटकर व्यापारी शिवम कुमार का कहना है कि नवरात्र से लेकर दिवाली तक ड्राई फ्रूट की मांग और बढ़ेगी। ऐसे में कीमतों में तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है। त्योहारों पर मेवे खरीदने वाले लोगों को इस बार पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा।