नए साल के जश्न में चौरीचौरा क्षेत्र में करमहा ओवरब्रिज की रेलिंग पकड़कर देर रात सरैया गांव का युवक भुल्लन लटक गया। उसके साथ गांव निवासी दो दोस्त शैलेश व रोहित भी नशे में धुत थे। दोनों उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच गश्त पर निकली पुलिस की नजर पड़ी तो उसे बचाया।
बृहस्पतिवार को चौरीचौरा प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा गश्त पर थे। करमहा ओवरब्रिज से गुजरते समय देर रात उनकी नजर युवकों पर पड़ी। पहले उन्हें लगा कि वे रेलिंग काट रहे हैं। जब वह पास पहुंचे तो सन्न रह गए। उन्होंने देखा कि युवक भुल्लन रेलिंग पकड़ कर लटक रहा था।
थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए लटके युवक को खींचकर ऊपर किया। पुलिस तीनों युवकों को गाड़ी में बैठाकर थाने लाए जहां शुक्रवार को तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान एक युवक भुल्लन करमहा ओवरब्रिज की रेलिंग से लटका हुआ था।
उसके दोनों दोस्त उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे। मौके पर पहुंचकर युवक को बचाया गया। नशे में धुत तीनों युवकाें का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।