उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में सोमवार देर शाम धनघटा-सिकरीगंज मार्ग पर मलौली पेट्रोल पंप के सामने शराब के नशे में धुत डायल 112 में तैनात एक सिपाही सड़क पर गिरा दिखाई दिया। राहगीरों ने इसकी सूचना धनघटा थाने पर दी। सूचना पर एसओ मौके पर सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने जीप में जब उसे बैठाने की कोशिश की तो वह हाथापाई करने लगा। सीएचसी मलौली में भी सिपाही ने जमकर उत्पात मचाया।
रात करीब नौ बजे मलौली पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर वर्दी में सिपाही को गिरा देख राहगीर और पंप कर्मी परेशान हो गए। उन्होंने इसकी सूचना धनघटा थाने पर दी। सूचना पर एसओ आरके गौतम अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस = सड़क पर गिरे शराब सिपाही को उठाकर जब जीप में बैठाने की कोशिश किए तो वह साथियों के साथ हाथापाई करने लगा।
किसी तरह पुलिसकर्मी उसे जीप में बैठाए और सीएचसी मलौली ले गए। अस्पातल पहुंचने के बाद शराब सिपाही ने जमकर बवाल काटा। सिपाही ही हरकत देख कर अस्पताल कर्मी और मरीज व तीमारदार सहम गए। एसओ आरके गौतम ने बताया कि शराब के नशे में धुत सिपाही दिनेश सिंह डायल 112 में कार्यरत है। सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद रिपोर्ट अफसरों को भेज दी गई। अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान लोगों ने सिपाही के हंगामे का वीडियो बनाया था जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने कहा कि डायल 112 में तैनात सिपाही के शराब के नशे में पड़े होने और अस्पताल में हंगामा करने की सूचना मिली है। एसओ की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद सिपाही के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस अनुशासित बल है। ऐसे में नियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।