गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर बाजार में शनिवार शाम डेढ़ साल के मासूम आयांश के अपहरण के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नशे की हालत में पहले महिला को थप्पड़ मारा। जब वह गिर गई तो उसके बेटे को लेकर भाग गए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गगहा क्षेत्र के टीकर गांव के राकेश पासवान और बारी गांव के दिवाकर पासवान के रूप में हुई। मुख्य आरोपी सहजनवां निवासी और बोलेरो चालक रीशू पासवान की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मासूम की मां सुमन यादव की तहरीर पर पुलिस ने बोलेरो चालक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ अपहरण के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीमें रविवार को सहजनवां इलाके में लगातार दबिश देती रहीं। जांच में पता चला कि बोलेरो (यूपी 53 सीई 6134) मालिक के गांव का ही युवक रिश्तेदारी में जाने के बहाने लेकर गया था।
वह पहले भी गाड़ी चलाता था लेकिन इस वारदात को लेकर वाहन मालिक ने अनभिज्ञता जताई है। पकड़े गए राकेश पासवान और दिवाकर पासवान ने पूछताछ में बताया कि वारदात के समय वे नशे में थे। गजपुर बाजार में तेज रफ्तार बोलेरो ने सुमन यादव को टक्कर मार दी।
इसके बाद चालक ने महिला को थप्पड़ भी मारा। टक्कर के बाद जब मौके पर भीड़ जुटने लगी तो घबराए आरोपियों ने डेढ़ साल के आयांश को उठाया और भागने की कोशिश की। हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ग्रामीणों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज 45 मिनट के भीतर घेराबंदी कर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी वाहन छोड़कर भाग गए थे।
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। उनके बयान और वाहन मालिक से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।