बताया जा रहा है कि ये दवाएं हिमाचल के बद्दी में बनी हैं, जहां पर नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई है। ये दवाएं हिमाचल से पहले आगरा आईं और वहां से गोरखपुर के भालोटिया मार्केट में पहुंची। बताया जा रहा है कि करीब आठ से नौ व्यापारी ये दवाएं मंगाए हैं।
एफएसडीए के उपायुक्त एके जैन ने प्रदेश के सभी औषधि निरीक्षकों को इसकी जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दवाओं की आपूर्ति आगरा से प्रदेश के दूसरे दवा मार्केट में हुई है। ऐसे में दवाओं को जब्त करते हुए उसे तत्काल नष्ट किया जाए। साथ ही बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए।
ड्रग इंस्पेक्टर जय सिंह ने कहा कि शासन ने 14 दवाओं की जांच का निर्देश दिया है। ये दवाएं आगरा से भालोटिया मार्केट आई हैं। भालोटिया मार्केट में बड़े पैमाने पर दवाएं आती हैं। इन दवाओं की जांच का फैसला लिया गया है। कुछ व्यापारी निशाने पर हैं।