गोरखपुर। शहर में खुले और खतरनाक नालों को सुरक्षित करने का काम सोमवार को भी जारी रहा। कई जगह नालों पर स्लैब रखकर उन्हें ढका गया लेकिन सिविल लाइंस समेत कुछ इलाकों में खुले नालों की स्थिति जस की तस रही। इससे राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।
सिविल लाइंस में कई जगह सोमवार को भी नाले खुले मिले। नालों के बीच से हटे स्लैब को भी नहीं लगाया गया। स्कूल रोड पर खुले नाले की स्थिति में भी कोई बदलाव नहीं हुआ। विश्वविद्यालय चौराहे के पास तिराहे पर भी नाले का एक हिस्सा कोने में खुला मिला। पादरी बाजार के खजांची चौराहे से करीब 300 मीटर पहले बाईपास पर सड़क के किनारे काफी गहरा नाला है। सड़क के नजदीक होने के बावजूद यहां बैरिकेडिंग नहीं की गई है। कुछ महीने पहले इसी नाले में एक युवक गिरकर घायल हो चुका है। ऐसे में यहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। वहीं भरवलिया में नाले खुले रहे। वहीं, बेतियाहाता में हनुमान मंदिर रोड, दाउदपुर के नहर रोड और जगन्नाथपुर में नालों पर स्लैब रखे गए। इससे खुले हिस्सों की गैपिंग दूर की गई। नगर निगम की ओर से सर्वोदय नगर और नौतनवा रोड पर भी नालों को स्लैब से ढका गया। नगर निगम के अभियंता अशोक कुमार भाटी ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर खतरनाक नालों को चिह्नित कर उन्हें ढकने का काम किया जा रहा है।