कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने में लगे चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ को भी क्वारंटीन किया जाएगा। इसके लिए शहर के होटल चिन्हित किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आने वालों को क्वारंटीन किया गया है। जो चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ देखभाल में लगे हैं, उनको भी सुरक्षित घर भेजा जाएगा।
इस मुश्किल घड़ी में जब हर कोई अपनी चिंता पहले कर रहा, ऐसे में भी अपनी परवाह किए बिना लोगों की जान बचा रहे स्वास्थ्य महकमे के अफसरों, कर्मचारियों को लेकर जिला प्रशासन संजीदा है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में बाहर से आए लोगों का क्वारंटीन सेंटर पर स्वस्थ्य परीक्षण कर रहे डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टॉफ को भी 14 दिन के लिए क्वारंटीन करने का फैसला हुआ है।
इन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो इसलिए शहर के होटल चिह्नित किए जा रहे हैं। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद संबंधित डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ को वहां रखा जाएगा। खाने-पीने से लेकर हर तरह की जरूरी सुविधाएं वहां मौजूद रहेंगी।