यातायात पुलिस के जागरूकता अभियान का असर अभी कुछ ही ऑटो और ई रिक्शा चालकों पर हुआ है। कुछ की मनमानी जारी है। बुधवार को शहर के चौराहों पर अलग-अलग स्थिति नजर आई। सुबह 11.45 बजे मोहद्दीपुर चौराहे से विश्वविद्यालय चौराहे की तरफ जा रहे दो ऑटो चालक सजग नजर आए। न तो ड्राइवर सीट पर सवारी थी, न ही अश्लील गाने बज रहे थे। दोपहर 12.05 बजे, विश्वविद्यालय चौराहे पर कई ऑटो और ई रिक्शा में चालकों ने अपने बगल में सवारी बैठाई थी। कुछ इसी तरह की स्थिति दोपहर 12.46 बजे शास्त्री चौराहे पर भी दिखी। यहां सहजनवां की ओर जाने वाले ऑटो चालक अपने बगल में यात्री बैठा रहे थे।
पूरे मंडल में शुरू हुआ अभियान, जारी रहेगी कार्रवाई
ऑटो में ड्राइवर सीट पर सवारी बैठाने और अश्लील गाना बजाने के खिलाफ पूरे मंडल में कार्रवाई शुरू हुई है। आईजी जे रविंद्र ने गोरखपुर के साथ ही महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर जिलों के पुलिस प्रमुखों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। आईजी ने कहा है कि पहले एक सप्ताह तक अभियान चलाकर चालकों को जागरूक किया जाए। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अश्लील गाने बजाने पर आईजी ने मुकदमा दर्ज कराने को कहा है।
इसे भी पढ़ें: मुसीबत में औषधि केंद्र: 1700 में मिलेंगी 300 दवाएं तो कैसे उबरेंगे मरीज
एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि ऑटो चालकों को जागरूक किया जा रहा है। एक सप्ताह बाद जांच की जाएगी। मनमानी पर ऑटो चालकों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। इसलिए, ऑटो चालक अपनी सीट छोटी करा लें। आगे कोई सवारी न बैठाएं। अश्लील गाने न बजाएं।
यातायात पुलिस ने दी हिदायत
गोरखपुर शहर के विभिन्न चौराहों पर बुधवार को यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीआई मनोज कुमार और धर्मेंद्र कुमार सिंह. अजीत कुमार पांडे ने ऑटो और ई रिक्शा चालकों को चालक के दाएं- बाएं कोई सवारी ना बैठाने की अपील की। पुलिस ने ऑटो एवं ई रिक्शा में फूहड़ और भद्दे गाने बजाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। टीआई ने कहा सभी लोग अपने ऑटो से म्यूजिक सिस्टम हटा दें। जांच के दौरान कोई सिस्टम पाए जाने पर चालान काटा जाएगा। टीपी नगर ,धर्मशाला चौराहा, काली मंदिर तिराहा एवं शास्त्री चौराहा पर यातायात पुलिस ने चालक की सीट के दाएं बाएं बैठे यात्रियों को उतारवाया।