गोरखपुर। जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान को गति देने के लिए डीएम दीपक मीणा ने मंगलवार को ऑनलाइन स्वगणना पूरी की। उन्होंने निर्धारित पोर्टल पर जानकारियां दर्ज कर उदाहरण प्रस्तुत किया और कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार है। डीएम ने जनपद वासियों से मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे स्वगणना पूरी करने का आग्रह किया।
विज्ञापन
स्वगणना पूरी होने पर मिलने वाली 11 अंकों की एसई आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य है जिसे प्रगणकों को उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वगणना 16 से 30 नवंबर तक निर्धारित है जिसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से स्वगणना पूरी करने की अपील की। जो परिवार ऑनलाइन स्वगणना नहीं कर पाएंगे उनके लिए प्रगणक घर पर ही आवश्यक जानकारियां दर्ज करेंगे। ब्यूरो