फोटो- डीएम, सीएमओ ने झरना टोला का लिया जायजा पॉजिटिव व्यक्ति के घरवालों को डेंटल कॉलेज में क्वारंटीन कराया अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। डीएम के विजयेंद्र पांडियन और सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी रविवार को शहर के हॉट-स्पॉट क्षेत्र के रूप में घोषित झरना टोला का निरीक्षण किए। उन्होंने कोरोना पॉजिटिव आए युवक के परिवार को डेंटल कॉलेज में क्वारंटीन कराने का निर्देश दिया। साथ ही नगर निगम को निर्देशित किया कि वह मोहल्ले को पूरी तरह से सैनिटाइज करें। झरना टोला में 28 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह क्वारंटीन सेंटर से पहले अपने घर पर भी रहा है। इसकी वजह से झरना टोला को प्रशासन ने हॉट-स्पॉट घोषित कर दिया है। व्यवस्था को देखने के लिए डीएम, सीएमओ के साथ व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। सीएमओ ने बताया कि पूरे मोहल्ले के लोगों का ब्योरा स्वास्थ्य विभाग की टीम तैयार कर रही है। कोरोना पॉजिटिव युवक के परिवार को डेंटल कॉलेज में क्वारंटीन करा दिया गया है। अब तक कोई लक्षण नहीं मिले है। लेकिन एहतियात के तौर पर नमूना जांच के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान झरना टोला में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्साधिकारी डॉ शालिनी श्रीवास्तव, एआरओ सुनील कुमार सिंह, फार्मासिस्ट सुजीत कुमार, सुशील कुमार सिंह, स्टाफ नर्स विभा मिश्रा, एनएमए अर्चना शर्मा, सुरेश चौहान आदि मौजूद रहे।