गोरखपुर। 26वीं पीएसी गोरखपुर का 61वां स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेनानायक निहारिका शर्मा उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश राज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्थापना दिवस पर वाहिनी के सदस्यों ने विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इसमें पीटी डिस्प्ले और मलखंभ प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रहे। दर्शक और अतिथि प्रदर्शन देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। मलखंभ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सेनानायक ने सम्मानित किया। टीम को 1,000 रुपये और व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 2,500 रुपये इनाम राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर बड़े खाने का आयोजन भी किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी परिवार सहित शामिल हुए। स्थापना दिवस में शिविरपाल मोहम्मद कासिम, सहायक शिविरपाल दयाशंकर यादव, सूबेदार सैन्य सहायक नागेंद्र गुप्ता और आरटीसी प्रभारी संजय यादव सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।