अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। डिस्ट्रीब्यूटर एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने डीएम के मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर डिस्ट्रीब्यूटर को व्यापार करने में छूट देने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि 22 मार्च से सभी व्यापारियों ने भी अपनी पूरी शक्ति व सामर्थ्य के साथ शासन के साथ पूरा सहयोग भी बनाये रखा, परंतु यह स्थिति अभी और लंबी चलेगी तथा निकट भविष्य में इससे जल्द मुक्ति सम्भव प्रतीत नहीं होती। ऐसी स्थिति में जिन लोगों का रोजगार बिल्कुल बन्द है उनके सामने अपने परिवार को भरण पोषण एवं अन्य खर्चो की समस्या विकराल रूप ले चुकी है क्योंकि शासन की तरफ से इसके लिये कोई राहत अभी तक घोषित नहीं हुई है। व्यापारी भी दैनिक आय के सहारे अपना परिवार पालता है और आय का स्त्रोत बन्द होने से वह अब भुखमरी के कगार पर आ गया है*। स्थितियों को ध्यान में रखकर ऐसी व्यवस्था बनानी आवश्यक है जिससे व्यापार प्रारम्भ हो, आय का स्रोत बने और दुकानों में जो सामान रखा है वह खराब न हो। व्यापारी जनहित में हर तरह का सहयोग करने के लिए तैयार है।