गोरखपुर। सदर तहसील मुख्यालय में मंगलवार को हनुमान मंदिर के सामने आयोजित भंडारे में पहुंचे फरियादी और लेखपाल के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। भागते हुआ फरियादी एसडीएम कार्यालय में पहुंच गए। वहां एसडीएम को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उनकी शिकायत पर एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने जांच के आदेश दिए हैं।
पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण के टोला हसनगंज के श्यामू प्रसाद ने शिकायत कर आरोप लगाया कि घरौनी बनाने में लेखपाल की गलत रिपोर्ट से उनकी जमीन विवादित हो गई और उन्हें बेवजह कानूनी एवं राजस्व संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में वह कानूनगो से बात करने गए थे। इसी दौरान लेखपाल से विवाद हो गया और उसके लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया।
हालांकि जब श्यामू प्रसाद एसडीएम दफ्तर पहुंचे तो पहले से ही उनके सिर पर पट्टी बंधी थी। एसडीएम सदर ने उनकी बात सुनी और नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने का निर्देश दिया।
हनुमान मंदिर के पास भंडारे में फरियादी और लेखपाल के बीच कहासुनी होने की जानकारी मिली है। फरियादी की शिकायत पर जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
-दीपक गुप्ता, एसडीएम, सदर