गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में एनएसएस और इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ‘युवा मस्तिष्क के लिए एआई आधारित शिक्षा’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें एआई के शैक्षणिक भविष्य पर मंथन कर छात्रों को तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया गया।
मुख्य वक्ता इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनीष मिश्र ने कहा कि एआई आधारित शिक्षा छात्रों की क्षमता और रुचि के अनुसार व्यक्तिगत एवं प्रभावी शिक्षण प्रदान करने में सहायक है। यह तकनीक तार्किक, विश्लेषणात्मक एवं रचनात्मक कौशल के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। संयोजन एनएसएस के समन्वयक डॉ. सत्यपाल सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में युवाओं को आधुनिक तकनीकों, नवाचार एवं कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ना समय की जरूरत है, ताकि वे प्रतिस्पर्धी बन सकें। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुसुम रावत ने अतिथियों का स्वागत किया। ब्यूरो