संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मौसम की बेरुखी से आमजन परेशान है। वहीं बारिश न होने से सबसे अधिक दिक्कत किसानों को हो रही है। बारिश न होने से किसान की फसल मुरझा रही है। मौसम विभाग ने सक्रिय हो रहे चक्रवाती परिसंचरण के चलते मंगलवार से तीन दिन बारिश का अनुमान जताया था। लेकिन, दक्षिण पश्चिमी राजस्थान पर समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण कम स्पष्ट हो गया है। जिसके चलते बादल तो छाए पर अच्छी बारिश नहीं हुई।
जुलाई में बारिश तो हुई, लेकिन कम दिनों में अधिक बारिश होने से किसानों को दिक्कत हो रही है। खेत में खड़ी धान की फसल को बचाने में उनको काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बारिश नहीं होने से धान की फसल सूख रही है और इसके लिए उनको पंपसेट से पानी चलाना पड़ रहा है। इससे उनके ऊपर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया तो उनकी उम्मीद जगी थी, लेकिन बादल छाने के बावजूद बारिश न होने से उनको मायूस होना पड़ा। इस बीच दिन में निकल रही तीखी धूप ने उनके माथे पर चिंता की लकीरें खिंच रही हैं। मौसम विभाग ने अभी दाे-तीन दिन बादल छाए रहने के साथ एक-दो जगह हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। बुधवार को मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है।