नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक को दी अंतिम चेतावनी, सुपरवाइजर को वार्ड से हटाया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को साइकिल से शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। दाउदपुर, महुई सुघरपुर आदि वार्डों में न सिर्फ काफी ज्यादा गंदगी मिली बल्कि काफी संख्या में सफाई कर्मचारी नदारद रहे। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक गौरी शंकर को अंतिम चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया।
शुक्रवार को नगर आयुक्त दाउदपुर वार्ड में सुबह सफाई व्यवस्था एवं नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। मुहल्ला इंदिरानगर में पाया गया कि नालियों की सफाई नहीं होने से सड़क पर नाली का पानी बह रहा है तथा मुहल्ले की सड़क पर झाड़ू भी नहीं लगाया गया था। मोहल्ले के कई खाली प्लाट में कूड़ा भरा हुआ पाया गया। कोई सफाई कर्मचारी भी सफाई कार्य करते नहीं मिले। इसके अलावा रचित हॉस्पिटल के सामने एवं दाउदपुर काली मंदिर तक रास्ते पर कई जगह कूड़ा मिला। काम में लापरवाही मानते हुए नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक गौरी शंकर के जोन में अत्यधिक गंदगी व कूड़े का अंबार पाए जाने पर आखरी चेतावनी दी तथा कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं, कार्य में लापरवाही बरतने के कारण दाउदपुर के सुपरवाइजर बेचन को वार्ड से हटाकर अन्य वार्ड में तैनात करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले ड्राइवरों पर सख्ती करने, भवन में किराएदारों से भी कूड़ा कलेक्शन का चार्ज लेने तथा गाड़ियों के ड्राइवरों की समीक्षा करने के लिए सभी जोनल अधिकारी को निर्देशित किया।