पेट्रोल-डीजल के लिए लोग हो रहे परेशान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिले में मंगलवार को पेट्रोल की तुलना में डीजल की मांग अधिक देखने को मिली, जिसके चलते शहर के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल का स्टॉक समय से पहले ही समाप्त हो गया। शाम तक कुछ स्थानों पर पेट्रोल और डीजल दोनों की उपलब्धता प्रभावित हो गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
रेल म्यूजियम के पास पंप पर बसों की कतार लग गई। पुलिस की मौजूदगी में लाइन लगवाकर तेल वितरण किया गया। सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई पेट्रोल पंपों पर लोग गैलन लेकर डीजल लेने पहुंचे थे। खासकर डीजल भरवाने के लिए बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों की संख्या अधिक रही।
पेट्रोल-डीजल के लिए लोग हो रहे परेशान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लगातार बढ़ती भीड़ के कारण कई पंपों पर कुछ ही घंटों में डीजल खत्म हो गया, जबकि देर शाम तक पेट्रोल की भी कमी देखने को मिली। रेल म्यूजियम के पास स्थित पेट्रोल पंप पर स्थिति अधिक गंभीर रही, जहां रोडवेज और निजी बसों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर यातायात प्रभावित होने लगा तो पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को लाइन में लगवाया और यातायात व्यवस्था नियंत्रित कराई। शहर के टाउन हॉल पर ज्यादा भीड़ रही। बेतियाहाता स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल की उपलब्धता के कारण चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। शहर में कई पंपों पर दोपहर बाद डीजल समाप्त हो गया।
पेट्रोल पंप पर गैलन लेकर अपनी बारी का इंतजार करते लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शाम होते ही ज्यादातर पेट्रोल पंप पर तेल समाप्त हो गया। वाहन चालकों का कहना था कि लंबे इंतजार के बाद भी कई जगह ईंधन नहीं मिल पाया। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मांग अचानक बढ़ने के कारण आपूर्ति पर दबाव बना है। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
गैस सिलिंडर के लिए भी एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
गोरखपुर। शहर में घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए भी मंगलवार को एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही उपभोक्ता गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर पहुंचने लगे, जिससे कई स्थानों पर कतारें लग गईं। उपभोक्ताओं ने समय से ही सिलिंडर बुक करा कर उसकी पर्ची निकलने के बाद गैस एजेंसियों का रुख किया।
कई लोग बुकिंग के बाद घर पर गैस सिलिंडर पहुंचने का इंतजार भी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस समय लगभग तीन दिनों का बैकलॉग चल रहा है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में मंगलवार को उपभोक्ताओं की संख्या काफी अधिक रही।