महिलाओं के बीच अवसाद (डिप्रेशन) के मामले बढ़ रहे हैं। पति की गलत आदतें व उनका बर्ताव पत्नी को अवसाद की ओर ले जा रहा है। इसकी वजह से पत्नी मेनिया (सनक) की बीमारी से ग्रसित हो रही हैं। पति की शराब पीने की लत, बार-बार टोकने और झूठ बोलने की आदत से महिलाओं को अवसाद की बीमारी घेर रही है। गोरखपुर जिला अस्पताल में मानसिक रोग की ओपीडी में आने वाली महिलाओं की काउंसिलिंग में यह बातें सामने आई हैं। औसतन 20 से 25 मरीजों में 10 से 15 महिलाएं अपने पति की शिकायतें लेकर आ रही हैं। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ ही दिमागी सेहत पर भी गलत असर पड़ रहा है। डॉक्टर इससे बचने की सलाह दे रहे हैं।
केस-एक
बात-बात पर टोकने से बिगड़ी स्थिति
शहर की रहने वाली एक महिला को उसके पति हर बात पर टोकते हैं। इसकी वजह से अब वह किसी काम को करने में काफी झिझकती हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि अब उन्हें कोई काम करने से डर लगने लगा है। स्थिति मारपीट तक आ चुकी है। जिला अस्पताल की मानसिक ओपीडी में दिखाया गया तो पता चला कि वे डिप्रेशन (अवसाद) में है। मौजूदा समय में उनका इलाज चल रहा है।
केस-दो
पति की वजह से पीने लगी शराब
शहर की रहने वाली एक महिला के पति कोरोना महामारी में शराब पीने की आदत डाल लिए। इसे लेकर महिला ने पति को काफी समझाया। लेकिन वह नहीं माने। इस पर महिला ने भी शराब पीना शुरू कर दिया। इसके बाद बवाल हुआ तो पति ने शराब पीना बंद कर दिया। लेकिन पत्नी को अब शराब की लत लग गई है। इसके बाद परिजनों ने मानसिक विभाग की ओपीडी में दिखाया तो पता चला कि उसे मेनिया (सनक) बीमारी हो गई है।
रोजाना 70 से अधिक मरीजों की हो रही काउंसिलिंग
जिला अस्पताल के मानसिक रोग विभाग के डॉ. अमित शाही ने बताया कि मानसिक ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रतिदिन 70 से अधिक मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। इनमें 20 से 25 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 10 से 15 महिलाएं पति के खराब बर्ताव की वजह से अवसाद में हैं। पुरुषों के अपने व्यवहार में समय रहते बदलाव लाना होगा नहीं तो स्थिति गंभीर हो जाएगी।
शराब व गुटखा खाने की सबसे अधिक शिकायतें
डॉ. अमित शाही ने बताया कि महिलाओं को सबसे अधिक शिकायत पति के शराब पीने और गुटखा खाने से है। इसकी वजह से घरों में विवाद हो रहे हैं। स्थिति मारपीट तक आ जा रही है। रोज कहते-कहते जब महिलाएं थक जा रही हैं तो वही काम खुद भी करने लगी हैं। इसे मेनिया कहते हैं। ऐसे केस भी लगातार बढ़ रहे हैं, जो उनके बच्चों के भविष्य के लिए बेहतर नहीं है।
पोस्ट कोविड सिम्टम में लोग भूल रहे याददाश्त
डॉ. शाही ने बताया कि कोविड से ठीक होने वाले मरीज भी ओपीडी में आ रहे हैं। इन मरीजों की भूलने की बीमारी की समस्या आ रही है। जिसे मेडिकल भाषा में ब्रेन फाग कहते हैं। इसके अलावा थकान, कमजोरी, चिड़चिड़ापन की समस्या लेकर भी मरीज आते हैं।
प्रेमपूर्वक करें बात, समस्या का होगा समाधान
डॉ. अमित शाही ने कहा कि पति और पत्नी का रिश्ता अनमोल होता है। ऐसे रिश्तों में अगर दरार आएगी तो परिवार तबाह होगा। ऐसे में पति को चाहिए कि वह अपनी पत्नी से नरमी व प्रेमपूर्वक बात करें। इससे वे मानसिक रूप से परेशान होने से बचेंगी।