जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री की सुरक्षा पांच स्तरीय होगी। पहला लेयर एसपीजी के हवाले होगा। कार्यक्रम स्थलों के पास घरों की छत पर एटीएस व एनएसजी के स्नाइपर तैनात रहेंगे। बृहस्पतिवार को एटीएस व एनएसजी कमांडो भी गोरखपुर आ गए। वहीं एंटी ड्रोन गन भी सुरक्षा में लगा दी गई है। यह खुद एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई के पास होगा। इसकी मदद से हवा में अगर कोई भी इलेक्ट्रानिक डिवाइस आता है तो उसे सेकेंडों में नष्ट किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी आज आएंगे गोरखपुर, वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी; भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ी
रूट और कार्यक्रम स्थलों के आसपास के घरों पर रहने वाले लोगों की एक बार फिर जांच की गई है। कार्यक्रम स्थल के आसापास के होटल, मॉल, घरों की चेकिंग भी रात में दस बजे से की गई। होटल, सराय में रुके एक-एक शख्स के बारे में पूरी जानकारी एलआईयू और पुलिस टीम ने ले ली है। पुलिस ड्रोन की मदद से गीता प्रेस के आसपास की दुकानों व मकानों पर नजर रखेगी। आईटीएमएस के कैमरों से भी रूट आदि की निगरानी की जाएगी। देर रात भी होटलों की चेकिंग की गई।