गोरखपुर। शहर के राप्तीनगर, अलीनगर और नौसड़ में भी डेंगू के मरीज मिले हैं। सोमवार को तीन नए मरीजों के साथ ही जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 24 हो गई है। इसमें से नौ मरीज शहरी जबकि 15 ग्रामीण इलाके के हैं। मलेरिया अधिकारी की अगुवाई में शहर के प्रभावित इलाकों में लार्वा की जांच के साथ दवाओं का भी छिड़काव किया गया।
इस साल भी 15 अगस्त के बाद से डेंगू के मरीज मिलने शुरू हो गए हैं। हर दिन जिला अस्पताल अथवा बीआरडी में कोई न कोई सैंपल पॉजीटिव मिल रहा है। सोमवार को भी जिला अस्पताल में हुई जांच में तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें अलीनगर इलाके का 14 वर्षीय किशोर, राप्ती नगर इलाके की 48 वर्षीया महिला और नौसड़ इलाके का 18 वर्षीय युवक शामिल है। 20 मरीज तीन सप्ताह के भीतर आए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि हर दिन सोर्स रिडक्शन (वे स्थान जहां डेंगू के लार्वा होने की संभावना होती है) किया जा रहा है। सोमवार 1126 स्रोतों की जांच की गई। अब तक 8158 स्रोतों की जांच की जा चुकी है। 14 लोगों को लार्वा मिलने पर नोटिस दिया जा चुका है। सोमवार को जहां डेंगू के मरीज मिले वहां तथा आसपास लार्वा की जांच के अलावा दवाओं का छिड़काव भी कराया गया।