खराब सड़क को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के गुलरिहा क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर दो के निवासियों ने सड़क और नाली की बदहाली के विरोध में रविवार को लक्ष्मीपुर चौराहे पर प्रदर्शन किया। सुबह क्षेत्र के लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर रास्ता जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम की वजह से लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। गुलरिहा थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया।
करीब तीन साल पहले जंगल खजांची बाजार से हरसेवकपुर के पास दहला से लक्ष्मीपुर संपर्क मार्ग का निर्माण करीब 85.88 लाख रुपये की लागत से विधायक महेंद्र पाल सिंह की निधि से कराया गया था, लेकिन अब यह सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई है।
पांच-छह गांवों के लोगों का मुख्य रास्ता होने की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि इस संबंध में विधायक समेत जिम्मेदारों को इस समस्या से कई बार अवगत कराया जा चुका है।
प्रदर्शन करने वालों में जितन लाल गुप्ता, नाशपाती देवी, नीलू देवी, बृजेश कुमार गौड़, रामराज निषाद, कमल निषाद, पिंटू, विजय निषाद समेत सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।