खोराबार पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खोराबार में जमीन पर कब्जा कर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन की चहारदीवारी को तोड़कर आरोपियों ने रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी है।
कुशीनगर के तुर्कपट्टी फाजिलनगर, सपहा, निवासी चंद्र प्रकाश पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने बृजेश सिंह, नन्हें, प्रदीप गोड़, बबलू निषाद, मुन्ना पर नामजद केस दर्ज किया है। पुलिस भय दिखाकर वसूली करने, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चंद्र प्रकाश पांडेय ने तहरीर में लिखा है कि उनकी पत्नी इंदू देवी के नाम से सिकटौर, गोरखपुर में 7 डिसमिल जमीन है। जिसके बगल में गिरधरगंज निवासी बृजेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह की पत्नी मंजू के नाम से जमीन है। चंद्रप्रकाश का आरोप है कि बृजेश सिंह उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
चंद्र प्रकाश ने दो जून को खोराबार थाने में सूचना देकर अगले दिन अपनी जमीन की चहारदीवारी करवाई थी। जिसे चार जून की सुबह बृजेश सिंह और उनके साथी नन्हे, प्रदीप गोड़, बबलू निषाद, मुन्ना और पांच अज्ञात लोगों ने गिरा दी। पीड़ित ने 112 नंबर पर सूचना भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चंद्र प्रकाश का कहना है कि बृजेश सिंह और उनके साथी उनसे रंगदारी मांग रहे हैं। न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिसकी सूचना 6 जून को उन्होंने खोराबार थाने में दर्ज कराई। शनिवार को खोराबार पुलिस ने बृजेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।