आरोपी बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर के गोला इलाके के बेबरी गांव में चार मई को हुई लल्लन की हत्या उसके बेटे रणधीर ने ही की थी। पुलिस की जांच में केस दर्ज कराने वाला ही कातिल निकला है। एफआईआर में शामिल किए गए चार लोग बेगुनाह पाए गए जिससे उन्हें बरी कर दिया गया। आरोपी बेटे को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। पूछताछ में बेटे ने बताया कि पिता ने ताड़ी पीने से मना किया था, इस वजह से ही उस पर हमला किया, जिससे मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, चार मई को घर से लल्लन की लाश मिली थी। बेटे ने पड़ोसियों पर रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। जांच की तो पता चला कि लल्लन ताड़ी पीने के लिए जा रहा था। बेटा रणधीर भी उसके पीछे चल दिया। पिता ने रास्ते में पूछा तो बोला कि मैं भी ताड़ी पीने जा रहा हूं। इसी बात को लेकर बाप-बेटे में विवाद हो गया। इसके बाद रणधीर ने पिता को जमीन पर पटक दिया और जमकर पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई।
इसी दौरान कुछ लोग बचाने पहुंचे तो वह पड़ोसियों पर ही हत्या का आरोप लगा दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। एसएसआई अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को घटना का पर्दाफाश करते हुए आरोपी बेटे रणधीर को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी लोग पुलिस की जांच में बेगुनाह पाए गए हैं।