गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित स्टाफ कैंटीन की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी मुख्यालय को दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि कैंटीन में लगा वाटर कूलर काफी दिनों से खराब है। कैंटीन में एसी लगा है लेकिन वह भी क्रियाशील नहीं है। इसके अलावा नाश्ता सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने और पूर्व की भांति कर्मचारियों के लिए भोजन की व्यवस्था शुरू कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सहायक कार्मिक अधिकारी से समस्याओं के संबंध में वार्ता भी की। अधिकारी ने समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का सकारात्मक आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री कामेश्वर दूबे, केंद्रीय पदाधिकारी अजीत शाही, मंडल मंत्री अभय सिंह, भारतीय मजदूर संघ के सहायक जिला मंत्री प्रभाकर रॉय और मंडल पदाधिकारी विजय कुमार भारती शामिल रहे।