रेलवे में ट्रेन निरस्त करने की सूचनाएं तो सुनी होगी लेकिन अगर निरस्त हुई ट्रेन चल दे तो हैरानी होगी ही। सोमवार को ऐसा ही वाक्या सामने आया। मुजफ्फरपुर-देहरादून वाया गोरखपुर रूट पर लक्सर में इंटरलॉकिंग की वजह से सोमवार को निरस्त की जा चुकी मुजफ्फरपुर से देहरादून स्पेशल अचानक चला दी गई। इसकी जानकारी गोरखपुर में सोमवार की शाम को हुई। इसके पहले ही गोरखपुर में भी ट्रेन के निरस्त होने की घोषणा विभिन्न माध्यमों से प्रचारित हो चुकी थी। इस गफलत की वजह से जहां कई यात्री ट्रेन निरस्त जानकर स्टेशन पहुंचे ही नहीं वहीं कई यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड मिल गया।
गोरखपुर जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचने पर टीटीई को चार्ट भी नहीं मिल सका और ट्रेन बिना चार्ट के ही रवाना हो गई। आनन-फानन बस्ती में चार्ट दिया गया। इससे भी अधिक हैरान करने वाली बात तो यह रही कि ट्रेन को चलाए जाने की घोषणा के बाद भी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ट्रेन निरस्त ही बताता रहा।
लक्सर में इंटरलॉकिंग की वजह से निरस्त की गई है ट्रेन
लक्सर यार्ड के पास नान इंटरलॉकिंग की वजह से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को देहरादून जाने वाली ट्रेन को निरस्त कर दिया गया था। ईसीआर रेल प्रशासन का कहना है कि मुजफ्फरपुर में जब यात्री सोमवार की दोपहर 12 बजे स्टेशन पहुंच गए तो ट्रेन के अचानक निरस्त कर दिए जाने से भड़क गए।