- साधारण सभा की बैठक में लिया गया निर्णय
गोरखपुर। सदर तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय को कलक्ट्रेट कचहरी परिसर से बिस्मिल पार्क (पार्क रोड) स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में जिला अधिवक्ता एसोसिएशन ने मंगलवार को कलमबंद हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य के साथ ही रजिस्ट्री लेखन का कार्य भी नहीं करेंगे।
संयुक्त मंत्री प्रशासन अरुण कुमार मौर्य ने बताया कि सोमवार को अध्यक्ष प्रमोद कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई। साधारण सभा की बैठक में करीब 100 अधिवक्ताओं के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थनापत्र पर विचार कर निर्णय लिया गया कि किसी भी परिस्थिति में रजिस्ट्री कार्यालय को कलक्ट्रेट कचहरी परिसर से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। जल्द ही जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से मिलकर अपना पक्ष रखा जाएगा तथा शासन से भी स्थानांतरण का निर्णय वापस लेने की मांग की जाएगी।
अधिवक्ता एसोसिएशन का कहना है कि कलक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों को एक स्थान पर लाने के उद्देश्य से बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में रजिस्ट्री कार्यालय को परिसर से बाहर भेजना इस उद्देश्य के विपरीत होगा।