- जीडीए के सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक, पीडब्ल्यूडी की ओर से आज रिपोर्ट सौंपने की है संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। देवरिया बाईपास पर नाले की दीवार की ऊंचाई अधिक करने के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को जीडीए सचिव उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई, लेकिन कोई निर्णय नहीं निकला। पीडब्ल्यूडी की ओर से रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जा सकी। शुक्रवार को रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद ही समिति इसपर कोई निर्णय लेगी।
देवरिया बाईपास के किनारे बनाए जा रहे नाले की दीवार की ऊंचाई को लेकर स्थानीय लोगों ने शिकायत की है। इस मामले में जांच के लिए जीडीए सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। निरीक्षण के दौरान व्यावहारिक एवं तकनीकी दृष्टि से नाले के दीवार की ऊंचाई को उचित नहीं माना गया और पीडब्ल्यूडी से 21 दिसंबर तक रिपोर्ट मांगी गई थी।
समिति के सदस्यों के साथ ही जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह भी शामिल हुए। बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि इससे जलभराव की समस्या नहीं होगी। बैठक में यह तय किया गया कि मोहल्ले की नालियों को बड़े नाले से जोड़ा जाए, जिससे यदि पानी का दबाव बढ़े तो बड़े नाले से पानी निकल जाए।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने कहा कि मार्ग चौड़ा होने के बाद गति भी बढ़ेगी और जहां सड़क में घुमाव रहेगा, वहां बैलेंस के लिए सड़क को एक ओर ऊंचा बनाया जाएगा।
नागरिकों की ओर से यह भी शिकायत की गई थी कि सर्विस लेन की चौड़ाई कम की गई है। इसपर पीडब्ल्यूडी के लोगों का कहना था कि सर्विस लेन नौ मीटर की है और उसमें कोई कमी नहीं हुई है।