- दिसंबर भर ज्यादातर समय सामान्य से भी नीचे रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- दिसंबर में तापमान औसतन अधिकतम 20.9 और न्यूनतम 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। इस बार दिसंबर की सर्दी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप इस बार दिसंबर में खूब सर्दी पड़ी। स्थिति यह रही कि ज्यादातर समय तापमान सामान्य से कम रहा। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार औसत तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार दिसंबर में औसत तापमान अधिकतम 20.9 और न्यूनतम 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले कई वर्षों की तुलना में कम रहा। इस बार दिसंबर में 19 दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। कुल 29 दिन अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। पूरे दिसंबर महीने में सिर्फ 14 और 15 को ही अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा था।
-
ऐसा रहता है दिसंबर महीने में तापमान का ट्रेंड
27 नवंबर से एक दिसंबर के बीच तापमान अधिकतम 27.4 व न्यूनतम 12.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसी तरह दो से छह दिसंबर के बीच अधिकतम 26.4 व न्यूनतम 11.5, सात से 11 दिसंबर के बीच अधिकतम 25.4 व न्यूनतम 11.6, 12 से 16 दिसंबर के बीच अधिकतम 24.2 व न्यूनतम 10.7, 17 से 21 दिसंबर के बीच अधिकतम 23 व न्यूनतम 9.7 डिग्री सेल्सियस रहता है। 22 से 26 दिसंबर के बीच अधिकतम 22.2 से 9.5 और 27 से 31 के बीच अधिकतम 20.6 और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस रहता है।
-
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2025 20.9 9.7
2024 24.7 9.1
2023 24.3 10.1
2022 24.2 10.6
2021 23.6 11.9
2020 22.4 10.5
-
नए साल पर खिली धूप, कंपकंपी से मिली राहत
सीजन की सबसे सर्द रही सुबह, धूप से मिली राहत
- बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज, अधिकतम 19 डिग्री
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बृहस्पतिवार की सुबह इस सीजन की सबसे सर्द सुबह रही। न्यूनतम तापमान पहली बार पांच डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। हालांकि, पूरे दिन धूप रहने के कारण ठंड से राहत मिली।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम था। इसी तरह अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। बृहस्पतिवार की सुबह कई क्षेत्रों में घने कोहरे रहे। शहरी क्षेत्र में कोहरे में कमी रही। हालांकि, ठंड बहुत अधिक रही।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक टीबी सिंह ने बताया कि दो जनवरी से पूर्वी यूपी के बड़े भाग में कोहरे के घनत्व में कमी आएगी। शीत दिवस की स्थितियां भी मंद पड़ने की संभावना है। इस वजह से कुछ दिन ठंड से राहत रहेगी।