गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के यादव टोला में शनिवार को 17 वर्षीय किशोरी की फंदे से लटकने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फंदा लगना सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र निवासी साधु मौर्य की बेटी शिवांगी (17) गोरखनाथ के यादव टोला में अपने मामा पिंटू कुशवाहा के यहां रहती थी। 14 नवंबर को मामा ने यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद जटेपुर उत्तरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एंटीमार्टम हैंगिंग यानी मृत्यु से पहले फंदा लगने की पुष्टि हुई है। संवाद