- देवरिया से बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय भोपा बाजार में हुई मौत
- पुलिस ने समझाकर-बुझाकर कराया शांत
सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भोपा बाजार चौराहे पर शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एंबुलेंस में एक मरीज की मौत हो गई। मरीज को देवरिया से गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। मौत के बाद मृतक के बेटे ने एंबुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, देवरिया के सूरतीहट्टा निवासी रत्न शर्मा को हृदय संबंधी परेशानी थी। उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इसके बाद परिजन सरकारी एंबुलेंस से उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे।
भोपा बाजार चौराहे के पास पहुंचने पर मरीज की मौत हो गई। इसके बाद रत्न शर्मा के बेटे मयंक शर्मा ने एंबुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि चालक एंबुलेंस धीमी गति से चला रहा था। हंगामे के कारण सड़क पर जाम लग गया। सूचना पर एसएसआई संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाकर शांत कराया और शव को निजी वाहन से भिजवाया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया।